प्रशासन और नेपाली सेना सतर्क, जांच व निस्तारण की प्रक्रिया जारी
प्रशासन और नेपाली सेना सतर्क, जांच व निस्तारण की प्रक्रिया जारी

सोनौली/ महराजगंज। नेपाल के कपिलवस्तु जिला के विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध वस्तुएं मिलने की घटनाओं के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। अलग-अलग इलाकों में अज्ञात वस्तुएं पाए जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्रों को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
सूचना के बाद नेपाल पुलिस और नेपाली सेना की टीमें मौके पर पहुंचीं और संदिग्ध वस्तुओं की जांच शुरू कर दी गई। सुरक्षा बलों ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर आम नागरिकों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, अभी तक किसी प्रकार की जनहानि या विस्फोट की घटना सामने नहीं आई है। विशेषज्ञ टीमों द्वारा संदिग्ध वस्तुओं की जांच और सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया जारी है।
सीमा से सटे क्षेत्रों में भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सोनौली और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात या संदिग्ध वस्तु को न छुएं और तत्काल स्थानीय प्रशासन या पुलिस को सूचित करें।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।



