
उज्ज्वल भारत टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। पवित्र माह रमज़ान के आखिरी जुमा यानी अलविदा जुमे की नमाज़ शुक्रवार को जनपद के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में अक़ीदत व एहतराम के साथ अदा की गई। नमाज़ के लिए सुबह से ही मस्जिदों में नमाज़ियों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज़ के बाद रोज़ेदारों और नमाज़ियों ने देश में अमन-शांति, भाईचारे और तरक्की के लिए खास दुआएं मांगी।जनपद मुख्यालय सहित नौतनवा, सिसवा बाजार, फरेंदा, निचलौल पनियरा और आसपास के कस्बों की प्रमुख मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोगों ने अलविदा की नमाज़ अदा की। नमाज़ से पहले उलेमा-ए-किराम ने रमज़ान के महत्व और इंसानियत, भाईचारे व आपसी सौहार्द बनाए रखने का पैगाम दिया।नमाज़ के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अलविदा जुमे की नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को रमज़ान के आखिरी जुमा की मुबारकबाद दी और आगामी ईद-उल-फितर के त्योहार को लेकर भी उत्साह दिखाई दिया। पूरे जनपद में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में अलविदा जुमे की नमाज़ संपन्न हुई।




