अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई: डीएम व एसपी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

महराजगंज जनपद में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों, एआरटीओ और खनन अधिकारी के साथ बैठक कर कड़े निर्देश जारी किए। यह बैठक हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई, जिसमें अवैध खनन और उसके परिवहन से संबंधित मिल रही लगातार शिकायतों पर गंभीर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने अवैध खनन की शिकायतों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि जनपद में किसी भी स्थिति में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खनन निरीक्षक से पंजीकृत वाहनों और वीएलटीडी (व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) से युक्त वाहनों की जानकारी ली। बताया गया कि जनपद में कुल 327 वाहन खनन परिवहन के लिए पंजीकृत हैं, जिनमें मात्र 8 वाहनों में वीएलटीडी लगा है। इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन वाहनों में वीएलटीडी नहीं है, उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि खनन सामग्री का परिवहन निर्धारित सीमा के भीतर ही किया जाए। उन्होंने पुलिस, परिवहन और खनन विभाग को निर्देशित किया कि केवल अनुमन्य (कमर्शियल) वाहनों से ही खनन सामग्री का परिवहन हो। गैर-वाणिज्यिक वाहनों से परिवहन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने पंजीकृत वाहनों पर पहचान के लिए संकेतक चिन्ह (पेंटिंग आदि) लगाने के निर्देश भी दिए और कहा कि जिन वाहनों पर ऐसे चिन्ह नहीं हैं, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए।
अवैध खनन पर लगाम कसने के लिए राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीमों का गठन करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि ये टीमें तुरंत प्रभाव से प्रमुख मार्गों पर औचक अभियान चलाकर सख्त प्रवर्तन कार्रवाई करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, एआरटीओ मनोज सिंह, सभी उपजिलाधिकारी एवं खनन अधिकारी उपस्थित रहे




