पॉक्सो केस के गवाह से मारपीट का आरोप,
डीएम से लगाई न्याय की गुहार

महराजगंज। सिसवा बाजार क्षेत्र के निवासी अजय सिंह ने जिलाधिकारी से शिकायत कर न्याय की मांग की है। अजय सिंह के अनुसार वह एक पॉक्सो मामले में गवाह हैं, जिसका मुकदमा संख्या 58/2020 वर्तमान में माननीय न्यायालय में विचाराधीन है। उनका आरोप है कि मामले के आरोपित अभय सिंह उर्फ मुक्कू सिंह, आकाश सिंह और विकास सिंह उन पर लगातार गवाही न देने का दबाव बना रहे हैं।
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने आरोपितों की बात मानने से इनकार कर दिया तो 5 मार्च 2026 को लगभग दोपहर 2 बजे तीनों आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना में उनका हाथ फ्रैक्चर होने का भी दावा किया गया है।
अजय सिंह का आरोप है कि घटना की सूचना स्थानीय थाना कोठीभार में देने के बावजूद पुलिस ने उनका चिकित्सीय परीक्षण नहीं कराया और न ही आरोपितों के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज किया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि अभय सिंह उर्फ मुक्कू सिंह पूर्व में गुंडा एक्ट के तहत निरुद्ध रह चुका है और जिला बदर की सजा भी काट चुका है, जबकि आकाश सिंह के खिलाफ भी विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज होने की बात कही गई है।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि दोनों आरोपितों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल जिला बदर किया जाए, जिससे क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे। साथ ही उन्होंने स्थानीय पुलिस चौकी सिसवा और थाना कोठीभार पर भी अपराधियों के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है।


