पत्नी के कथित संबंध से टूटा परिवार
आहत पति ने दो मासूम बच्चों संग दी जान

महराजगंज | संवाददाता नौतनवा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद से जुड़ी एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पत्नी के कथित अवैध संबंधों से परेशान एक युवक ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जीवन समाप्त कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। बताया जा रहा है कि 8 मार्च को अमरेश ठाकुर और उसके दो बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से दो वीडियो और दीवार पर लिखा एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें मृतक ने अपनी मौत के लिए पत्नी, उसके कथित प्रेमी और कुछ परिजनों को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस के अनुसार अमरेश की पत्नी बन्दना कुमारी, जो एसएसबी की 66वीं वाहिनी में सफाई कर्मी के पद पर तैनात बताई जा रही है, का सोनू गौतम नामक व्यक्ति से कथित संपर्क था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी बन्दना कुमारी को नौतनवा गेट रोड से गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।




