डीएम ने पनियरा व सदर में मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
मतदाता सूची शुद्धिकरण पर दिया जोर

महराजगंज। संतोष कुमार शर्मा ने एसआईआर विशेष अभियान के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र पनियरा एवं सदर में विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत बड़हरा बरईपार, ग्राम पंचायत धरमौली तथा सदर स्थित कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में स्थापित बूथों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाताओं के समक्ष निर्वाचक नामावली (ड्राफ्ट रोल) एवं एएसडी सूची का वाचन किया और उपस्थित नागरिकों से संवाद कर उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-06, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-07 तथा संशोधन हेतु फॉर्म-08 का प्रयोग किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है, जिससे कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष अभियान के तहत सभी बूथों पर बीएलओ के पास अद्यतन मतदाता सूची उपलब्ध है। नागरिक स्वयं अपना नाम सत्यापित कर सकते हैं तथा नाम न होने की स्थिति में वहीं फॉर्म-06 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे और एएसडी सूची के मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बूथवार मतदाता संख्या में परिवर्तन
ग्राम पंचायत बड़हरा बरईपार के बूथ संख्या 268 में वर्ष 2025 की सूची में 1157 मतदाता थे, जबकि ड्राफ्ट रोल में 1033 नाम दर्ज हैं। बूथ 269 पर 968 के सापेक्ष 857, बूथ 270 पर 922 के सापेक्ष 817, बूथ 271 पर 696 के सापेक्ष 782, बूथ 272 पर 860 के सापेक्ष 790, बूथ 273 पर 866 के सापेक्ष 857 तथा बूथ 275 पर 716 के सापेक्ष 813 मतदाता ड्राफ्ट रोल में पंजीकृत पाए गए।
धरमौली ग्राम पंचायत के चार बूथों में बूथ संख्या 412 पर 835, 413 पर 1003, 414 पर 915 तथा 415 पर 791 मतदाता ड्राफ्ट रोल में दर्ज हैं।
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने तहसील सदर में नो मैपिंग मतदाताओं को जारी नोटिस पर चल रही सुनवाई का निरीक्षण किया और एसडीएम सदर को सुनवाई स्थल पर बैठने, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार सदर देश दीपक त्रिपाठी, नायब तहसीलदार फरेंदा अंकित अग्रवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




