
पांच माह में 518 मोबाइल मिले वापस, 1.51 करोड़ रुपये के फोन बरामद; सर्विलांस टीम को मिलेगा 25 हजार का पुरस्कार
महराजगंज। खोए मोबाइल खोजने में महराजगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी, 101 फोन बरामद
पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल निर्देशन में जनपद पुलिस की सर्विलांस सेल ने तकनीक आधारित पुलिसिंग का शानदार उदाहरण पेश करते हुए खोए हुए 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 26 लाख रुपये है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए।
सर्विलांस सेल ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल, IMEI आधारित ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक संसाधनों की मदद से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन को ट्रेस किया। पुलिस के मुताबिक पिछले पांच माह में अब तक कुल 518 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 51 लाख रुपये है।
मोबाइल वापस पाकर खिले चेहरे
सोमवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मोबाइल स्वामियों को बुलाकर उनके खोए मोबाइल सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने महराजगंज पुलिस और पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी का आभार जताया।
सर्विलांस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने सर्विलांस सेल की पूरी टीम के कार्य की सराहना करते हुए बरामदगी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। तकनीक आधारित पुलिसिंग आज के समय की आवश्यकता है और CEIR पोर्टल के प्रभावी उपयोग से नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा में मदद मिल रही है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराएं और नजदीकी थाना अथवा सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।
बरामदगी करने वाली टीम में क0ऑ0 ग्रेड-बी शिवानन्द पासवान, मुख्य आरक्षी मो. कुतुबुद्दीन, मुख्य आरक्षी राजकुमार राजभर, मुख्य आरक्षी आलोक पाण्डेय, आरक्षी सुधीर कुमार यादव, आरक्षी सूरज गुप्ता, आरक्षी नीरज कुमार गोंड तथा जनपद के समस्त थानों पर CEIR पोर्टल पर नियुक्त कर्मचारी शामिल रहे।




