Welcome to Ujjwal Bharat Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Ujjwal Bharat Times
E-Paperटॉप न्यूज़महराजगंजयूपीलोकल न्यूज़
Trending

भव्य तिरंगा महोत्सव, देशभक्ति के रंग में रंगेगा महराजगंज

प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिता और तिरंगा सेल्फी प्वाइंट होंगे आकर्षण का केंद्र

महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में आयोजित होने वाले भव्य तिरंगा महोत्सव की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना से ओत-प्रोत यह आयोजन 12 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगा सेल्फी प्वाइंट सहित कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव में वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के अवसर पर वंदे मातरम् गान पर आधारित विशेष चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से वंदे मातरम् के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय चेतना में इसके योगदान तथा स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को प्रदर्शित किया जाएगा।
खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की ओर से विशेष तिरंगा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायतीराज समेत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वरोजगार, ग्रामीण आजीविका, स्थानीय उत्पादों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
महोत्सव स्थल पर आमजन के लिए आकर्षक तिरंगा सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं। वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं स्वतंत्रता दिवस, वंदे मातरम् और राष्ट्रभक्ति सहित अलग-अलग थीम पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर देशभक्ति का संदेश देंगी।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कलाकारों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाई कर्मियों, चिकित्सकों और शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही भूतपूर्व सैनिकों को भी सम्मानित कर उनकी राष्ट्रसेवा और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
महोत्सव में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे। जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार तिरंगा महोत्सव को भव्य एवं गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करने की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। आयोजन का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!