सरकारी आवास के नाम पर 30 हजार रूपये लेने का आरोप
दोबारा पैसे की मांग और धमकी का मामला गरमाया

महराजगंज,जनपद महराजगंज के थाना कोठीभार क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 07 खेसरारी चौधरी टोला निवासी नीलम देवी ने अपने वार्ड सदस्य (सभासद) रघुभर यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को शिकायती पत्र भेजा है। मामले में जांच कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। प्रार्थिनी नीलम देवी, पत्नी विनोद समीर, का आरोप है कि लगभग एक वर्ष पूर्व सरकारी आवास दिलाने के नाम पर उनसे 30,000 रुपये नकद लिए गए थे। उनके अनुसार आवास निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन अब संबंधित सभासद द्वारा पुनः 30,000 रुपये की मांग की जा रही है। नीलम देवी का कहना है कि जब उन्होंने दोबारा पैसे देने से इंकार किया तो सभासद उनके घर पहुंचे और कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई। इतना ही नहीं, रास्ते में आते-जाते समय भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कर मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। प्रार्थिनी ने अपने शिकायती पत्र में आशंका जताई है कि यदि उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना घटती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित सभासद की होगी। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस या प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।




