
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा फुलमनहा के टोला जगदेवपुर में रविवार को तालाब में डूबने से एक रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा फुलमनहा के टोला जगदेवपुर निवासी श्यामकरन (50 वर्ष) रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को वह गांव के पास स्थित तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर उन्हें बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। पत्नी मिन्नी देवी, पुत्र सूरज व नीरज तथा पुत्रियां खुशबू और नेहा का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि तालाब में डूबने से श्यामकरन की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।




