बाढ़ प्रभावित सोहगीबरवा गांव में पहुंची राहत, सामग्री
विधायक की मौजूदगी में डीएम-एसपी ने बांटी सामग्री

महराजगंज। तहसील निचलौल क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम सोहगीबरवा में गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल की उपस्थिति में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत सामग्री वितरित की।
इस दौरान अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से संवाद कर बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। ग्रामीणों को खाद्य सामग्री समेत अन्य जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ की स्थिति में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन उनकी सहायता के लिए पूरी तरह सक्रिय है तथा जरूरत के अनुसार हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं सहायता कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने, ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासनिक और पुलिस टीमें सक्रिय हैं तथा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं।




