
सिसवा बाजार,महराजगंज।जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 25 मीराबाई नगर स्थित पोखरा टोला में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, पोखरा टोला निवासी चार बच्चे—राजबीर (13) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (14) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13) पुत्र रामलखन तथा कृष्णा रौनियार (15) पुत्र कबूतर रौनियार—निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में डूब गए। उनके साथ मौजूद राजबीर ने घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को दी।सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।




