
निचलौल महराजगंज । लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान निर्धारित मानकों की अनदेखी कर तेज आवाज में डीजे बजाना संचालकों और आयोजकों को भारी पड़ गया। पुलिस की चेतावनी के बावजूद डीजे की आवाज कम नहीं किए जाने पर निचलौल पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित डीजे संचालकों एवं आयोजकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है
पुलिस के अनुसार, 09 नवंबर 2026 को क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान निचलौल मेन तिराहे के पास लक्ष्मी प्रतिमा जुलूस के दौरान डीजे संचालकों द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों से अधिक आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। इससे सड़क से गुजरने वाले राहगीरों, दुकानदारों तथा एंबुलेंस में सवार मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया जाता है कि पुलिस ने मौके पर ही उच्च न्यायालय एवं शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के नियमों की जानकारी दी थी और डीजे की आवाज कम करने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद निर्देशों का पालन नहीं किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की।
इस प्रकरण में थाना निचलौल पर मु0अ0सं0 302/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3), 292, 293 एवं 223(बी), पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 15(1) तथा ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमावली की धारा 6(1) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव को सौंपी गई है।पुलिस का कहना है कि धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान भी ध्वनि प्रदूषण से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




