धनतेरस-दीपावली पर महराजगंज पुलिस अलर्ट, व्यापारियों संग एसपी ने की बैठक

सीसी टीवी दुरुस्त रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश, नकदी व कीमती सामान ले जाने पर पुलिस से सहयोग लेने की अपील
महराजगंज। धनतेरस एवं दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने गुरुवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, प्रमुख व्यापारियों एवं स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने त्योहारों के दौरान बाजारों और दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने तथा सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में व्यापारियों को विशेष सतर्कता बरतने और दुकानों के आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है।
एसपी ने कहा कि यदि किसी व्यापारी या स्वर्ण व्यवसायी को अधिक मात्रा में नकदी अथवा कीमती सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना हो, तो वह संबंधित स्थानीय थाने से संपर्क कर पुलिस का आवश्यक सहयोग प्राप्त कर सकता है। उन्होंने किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं, जिससे उनका समयबद्ध निराकरण किया जा सके। त्योहारों के दौरान आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने और लोग निर्भीक होकर खरीदारी कर सकें, इसके लिए सतर्कता एवं आपसी सहयोग आवश्यक है।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी यातायात, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, जनपद के प्रमुख व्यापारी एवं स्वर्ण व्यवसायी उपस्थित रहे।




