डीएम संतोष कुमार शर्मा ने संपूर्ण समाधान दिवस में सुनी शिकायतें,
एक महिला का राशन कार्ड भी हुआ जारी

महराजगंज। संतोष कुमार शर्मा, जिलाधिकारी महराजगंज ने तहसील फरेंदा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनशिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान कुल 80 प्रकरण प्रस्तुत हुए, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए डीएम ने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस की विशेष पहल के तहत डीएम ने पूर्व में आए प्रकरणों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन पर बातचीत की। उन्होंने ग्राम बहादुरी निवासी संजय कुमार जयसवाल से भूमि पैमाइश संबंधी शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली। शिकायतकर्ता ने बताया कि लेखपाल द्वारा पैमाइश कर दी गई है और उसने संतोष व्यक्त किया। इसी प्रकार कानापार उर्फ रामनगर निवासी अक्षय कुमार से खतौनी में नाम संशोधन के प्रकरण पर वार्ता की गई, जिसमें शिकायतकर्ता ने कार्रवाई से संतुष्टि जताई। समाधान दिवस के दौरान शिवपुर ग्राम निवासी रेशमा पत्नी रामबरन की समस्या का भी तत्काल समाधान किया गया। महिला ने बताया कि आपूर्ति विभाग की लापरवाही से उसका राशन कार्ड निरस्त हो गया था। डीएम के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी ए.पी. सिंह ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए महिला के नाम पर राशन कार्ड पुनः जारी कर दिया। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण एसओपी के अनुरूप, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। अंतिम आख्या से पूर्व संबंधित शिकायतकर्ता से वार्ता करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर सोमेंद्र मीना (पुलिस अधीक्षक), एसडीएम फरेंदा शैलेन्द्र गौतम, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, अधिशासी अधिकारी जल निगम आतिफ हुसैन, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, बीएसए सुश्री ऋद्धि पांडेय, डीपीआरओ सुश्री श्रेया मिश्रा सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



