
महराजगंज। आगामी रमजान महीने पर्व को ध्यान में रखते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की महराजगंज यूनिट ने जिले में बिजली आपूर्ति और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष सरवर खान के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी महराजगंज को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में अनियमित बिजली कटौती तथा खराब सफाई व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। पार्टी की ओर से मांग की गई कि रमजान के पवित्र महीने में विशेष रूप से शाम और सेहरी के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही मस्जिदों, कब्रिस्तानों एवं मुस्लिम बहुल क्षेत्रों सहित पूरे नगर में नियमित साफ-सफाई और कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि रोजेदारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाध्यक्ष सरवर खान ने कहा कि रमजान आध्यात्मिक साधना और सामाजिक एकजुटता का महीना है। ऐसे समय में बिजली और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं का सुचारु रहना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एआईएमआईएम के स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं की गई तो आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।




