
महराजगंज। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की समय-सारिणी जारी कर दी गई है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक मास्टर डाटा तैयार कर ऑनलाइन अपलोड एवं प्रमाणित करना होगा। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक 23 जुलाई से 9 अगस्त तक विद्यालयों की मान्यता, स्वीकृत सीटों की संख्या और प्रोफाइल का ऑनलाइन सत्यापन करेंगे।अल्पसंख्यक वर्ग के लिए एनएसपी पोर्टल पर पंजीकृत निजी विद्यालयों की राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर मार्किंग की प्रक्रिया 23 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी द्वारा पूरी की जाएगी।छात्रवृत्ति के नवीनीकरण (Renewal) के लिए ऑनलाइन आवेदन 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक किए जाएंगे। आवेदन की हार्ड कॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी। वहीं नवीन (Fresh) छात्र-छात्राएं 11 अगस्त से 21 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन कर सकेंगे।जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से निर्धारित समय-सारिणी का पालन सुनिश्चित कराने तथा पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन एवं अभिलेखों का समय से सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।



