
उज्जवल भारत टाइम्स संवाददाता
परतावल, महराजगंज। पनियरा विधानसभा के परतावल मंडल के सिसवा मुंशी में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से हर घर तिरंगा अभियान की मंडल कार्यशाला एवं मासिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और 10 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को भव्य एवं सफल बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला उपाध्यक्ष एवं सिसवा विधानसभा के वरिष्ठ नेता अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के वीर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह हर घर तक तिरंगे का संदेश पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़े।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से 10 अगस्त को ब्लॉक परिसर परतावल स्थित शहीद स्मारक से निकलने वाली तिरंगा यात्रा में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि यह यात्रा राष्ट्रभक्ति का प्रेरक संदेश दे सके।
बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल ने की, जबकि संचालन महामंत्री अजय गौतम एवं शंभू पटेल ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण तथा वंदेमातरम् के साथ हुआ।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। निर्णय लिया गया कि 23 अगस्त को मंडल के सभी शक्ति केंद्रों पर बैठकें आयोजित की जाएंगी तथा 30 अगस्त को प्रातः 10 बजे सभी बूथों पर बैठकें होंगी। इसके बाद कार्यकर्ता एवं आमजन प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुनेंगे और उसके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेंगे।
कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। बैठक में मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


