
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद पुलिस ने कुख्यात एवं आदतन अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई की है। जुलाई-2026 के दौरान चार अभियुक्तों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा 3/4 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए तीन को जिला बदर कर दिया गया, जबकि एक अभियुक्त को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से हाजिरी लगाने के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई उन असामाजिक तत्वों के विरुद्ध की गई है, जो संगठित रूप से अपराध कर समाज में भय और आतंक का माहौल बनाकर अवैध आर्थिक एवं अन्य लाभ अर्जित करने का प्रयास कर रहे थे। सक्षम प्राधिकारी के आदेश पर अजमल अंसारी (ग्राम पिपरा बाबू अंसारी टोला, कोतवाली), गुड्डू यादव उर्फ अनिल यादव (रामपुर बलडीहा, थाना घुघली) तथा विद्यासागर (ग्राम मंजूरी, थाना पनियरा) को जनपद महराजगंज की सीमा से जिला बदर कर दिया गया।
वहीं श्रवण हरिजन निवासी ग्राम बेलवा, थाना ठूठीबारी को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को थाना ठूठीबारी में उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक इन सभी अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व से विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उनके आपराधिक आचरण एवं जनसुरक्षा पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनपद में संगठित अपराध, आदतन अपराधियों तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध समयबद्ध एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनी रहे तथा आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।



