Welcome to Ujjwal Bharat Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Ujjwal Bharat Times
यूपीराज्य
Trending

नकल विहीन व शांतिपूर्ण बोर्ड परीक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट

जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने हेतु श्री गणेश शंकर विद्यार्थी इंटरमीडिएट कॉलेज के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं कक्ष निरीक्षक उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और अनुशासित वातावरण में संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतते हुए सतर्कता एवं व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने में कक्ष निरीक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए डीएम ने परीक्षा में प्रयुक्त वाहनों की स्थिति संतोषजनक रखने तथा पुलिस विभाग को चालकों के साथ समन्वय बनाकर संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सतर्क रहने को कहा। जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि किसी भी विद्यालय द्वारा प्रवेश पत्र न रोका जाए। यदि ऐसी शिकायत मिलती है तो संबंधित विद्यालय के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। प्रवेश पत्रों का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुनिश्चित की जाएगी। निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए विद्युत विभाग को पत्राचार करने तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता, शौचालय व बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
किसी भी आपात स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम (मो. 9454417468) से संपर्क करने तथा केंद्र व्यवस्थापकों को संबंधित थानाध्यक्षों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी सदर, रिजर्व स्टैटिक मजिस्ट्रेट राजमणि, अजय कुमार राय, अशोक कुमार, विनोद कुमार सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक व प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमरेन्द्र कुमार शर्मा ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!