
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना नौतनवा पुलिस ने सरस्वती शिशु स्कूल एंड इंटरमीडिएट, कस्बा नौतनवा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के महत्व से अवगत कराया। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अफवाहों पर ध्यान न देने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध और महिला उत्पीड़न जैसी घटनाओं की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।
महराजगंज पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जिले भर में महिला एवं बाल सुरक्षा तथा साइबर जागरूकता से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं, ताकि समाज में सुरक्षा और जागरूकता का वातावरण मजबूत हो सके।




