
महराजगंज। मुख्यमंत्री गौ संवर्द्धन योजना के अंतर्गत पात्र पाए गए 78 आवेदकों के बीच सोमवार को ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित ई-लॉटरी में कुल 28 लाभार्थियों का चयन हुआ। इनमें 14 महिला और 14 पुरुष लाभार्थी शामिल हैं।ई-लॉटरी की प्रक्रिया पात्र आवेदकों की मौजूदगी में संपन्न कराई गई, जिससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री गौ संवर्द्धन योजना का उद्देश्य गौ-आधारित आजीविका को बढ़ावा देना, पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयनित लाभार्थियों को योजना का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।ई-लॉटरी के दौरान जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी तथा दुग्ध विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



