
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से जिलाधिकारी महराजगंज एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने सोमवार को सोनौली बॉर्डर एवं निर्माणाधीन एकीकृत जांच चौकी (Integrated Check Post-ICP) का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों में भी सक्रियता देखने को मिली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्माणाधीन ICP की भौतिक प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की स्थिति, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा परियोजना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में अपेक्षित गति बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद अधिकारियों ने भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। सीमा से होने वाले आवागमन, वाहनों की जांच तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने सीमा पर तैनात पुलिस एवं एसएसबी (SSB) जवानों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सीमा से आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच की जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न किया जाए। सीमा सुरक्षा में लगी विभिन्न केंद्रीय एवं स्थानीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि भारत-नेपाल सीमा पर 24 घंटे कड़ी निगरानी और सतर्क पहरा सुनिश्चित किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान संबंधित अधिकारी, पुलिस बल एवं एसएसबी के जवान मौजूद रहे।




