ठूठीबारी में सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, मुख्यमंत्री से जांच और कार्रवाई की मांग

ठूठीबारी/महराजगंज। तहसील निचलौल क्षेत्र के ग्राम ठूठीबारी में सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण और निर्माण का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री को आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार गांव में गाटा संख्या 923 राजस्व अभिलेखों में चरागाह/मवेशी भूमि, गाटा संख्या 921 सार्वजनिक रास्ता तथा गाटा संख्या 903 पोखरा/तालाब के रूप में दर्ज है।

आरोप है कि इन सरकारी जमीनों पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से कब्जा कर पक्के निर्माण कराए जा रहे हैं।शिकायतकर्ता का कहना है कि चरागाह की भूमि प्रभावित होने से पशुपालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सार्वजनिक रास्ते पर कथित अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होने का आरोप है। पोखरे की भूमि पर कथित कब्जे से जलनिकासी प्रभावित होने तथा बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ने की भी बात शिकायत में कही गई है।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर शिकायत किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने ग्राम पंचायत के वर्तमान एवं पूर्व प्रधानों के साथ कुछ राजस्व कर्मियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।मुख्यमंत्री से की गई शिकायत में राजस्व अभिलेखों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच, मौके का स्थलीय निरीक्षण और अतिक्रमण की पुष्टि होने पर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की गई है। साथ ही दोषी पाए जाने वाले लोगों तथा जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।




