कोल्हुई में अतिरिक्त ग्रिड संचार केन्द्र शुरू,
सीमावर्ती क्षेत्रों में और तेज होगी पुलिस की प्रतिक्रिया

24×7 रहेगा सक्रिय, फरेन्दा-नौतनवा सर्किल के थानों, चौकियों व फायर स्टेशन को जोड़ेगा बेहतर संचार नेटवर्क
ब्यूरो कार्यलय महराजगंज
महराजगंज। जनपद की पुलिस संचार व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने थाना कोल्हुई परिसर में स्थापित अतिरिक्त ग्रिड (कंट्रोल रूम) संचार केन्द्र का उद्घाटन किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी फरेन्दा मौजूद रहे।
नवनिर्मित अतिरिक्त ग्रिड संचार केन्द्र 24×7 संचालित होगा। इसके माध्यम से फरेन्दा एवं नौतनवा सर्किल के क्षेत्राधिकारी कार्यालयों, थानों, पुलिस चौकियों और फायर स्टेशन के आरटी सेट को बेहतर संचार नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। फरेन्दा, पुरन्दरपुर, बृजमनगंज, कोल्हुई, नौतनवा, सोनौली, परसामलिक और बरगदवा समेत संबंधित पुलिस इकाइयों के बीच संचार व्यवस्था का प्रभावी समन्वय किया जाएगा।
जनपद की भौगोलिक एवं सीमावर्ती परिस्थितियों को देखते हुए इस व्यवस्था से आपात स्थिति, दुर्घटना, कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में उत्पन्न परिस्थितियों की सूचना संबंधित पुलिस टीमों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की त्वरित तैनाती और कार्रवाई को गति मिल सकेगी।
अतिरिक्त ग्रिड की स्थापना से मुख्य रेडियो ग्रिड पर संचार भार भी कम होगा। साथ ही थानों, चौकियों, गश्ती वाहनों और फायर स्टेशन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होगी।
महराजगंज पुलिस द्वारा जनपद की भौगोलिक एवं सीमावर्ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस संचार प्रणाली को आधुनिक, सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




