
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल एवं संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी एवं गुम हुए 110 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए गए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई। कई लोगों ने अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता और सर्विलांस टीम की तकनीकी दक्षता के चलते उनके मोबाइल खोजकर उन्हें सौंप दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सर्विलांस सेल एवं अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन की संपत्ति की सुरक्षा भी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल निकटतम थाने में सूचना दें अथवा ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके।
मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने महराजगंज पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए इस अभियान की सराहना की। यह अभियान पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।




