
बिना मानक और अनुमति के संचालित हो रहे स्पा सेंटरों पर कार्रवाई न होने से लोगों में आक्रोश, प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
महराजगंज। जनपद में इन दिनों अवैध रूप से संचालित हो रहे स्पा सेंटर चर्चा का विषय बने हुए हैं। शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई स्पा सेंटर बिना आवश्यक अनुमति एवं मानकों के संचालित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग सब कुछ जानते हुए भी कार्रवाई करने से बच रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई स्पा सेंटरों में नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। देर रात तक संचालन, संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें तथा बिना पंजीकरण के कारोबार चलने जैसी बातें लगातार सामने आ रही हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी लोगों को खटक रही है।
सूत्रों के अनुसार पिपरा बाबू पटेल नगर वार्ड नंबर 8 में मेन रोड पर स्पा सेंटर आवासीय इलाकों में भी संचालित हो रहे हैं, जिससे आसपास रहने वाले परिवारों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जांच कर ऐसे केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए लोगों ने कहा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो जनपद का माहौल प्रभावित हो सकता है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को चाहिए कि सभी स्पा सेंटरों की जांच कर उनके लाइसेंस, कर्मचारियों का सत्यापन और संचालन की वैधता की पड़ताल करे। फिलहाल विभागीय अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे लोगों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है।



